
संवाददाता
कानपुर। नगर में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में डेंगू के 6 नए मरीज मिले हैं। इनमें से 5 मरीजों की जांच रिपोर्ट निजी पैथोलॉजी से और एक मरीज की रिपोर्ट जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की लैब से पॉजिटिव आई है। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद मामले थम नहीँ रहे है।स्वास्थ्यकर्मी शहर से लेकर गांवों तक लोगों को जागरूक कर रहे हैं, फिर भी घरों के आसपास मच्छरों के पनपने के ठिकाने मिल रहे हैं। इसी वजह से जिले में डेंगू मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 106 हो चुकी है, हालांकि इनमें से कई मरीज ठीक भी हो चुके हैं।
नए मिले मरीजों में अलग-अलग इलाकों के लोग शामिल हैं। डिप्टी सीएमओ राजेश्वर के अनुसार, फैक्ट्री एरिया दादानगर की 50 वर्षीय महिला, एसबीआई कॉलोनी बर्रा के 37 वर्षीय पुरुष, राजीव नगर यशोदा नगर के 17 वर्षीय किशोर, गुमटी पांच के 31 वर्षीय व्यक्ति और गुजैनी रतनलाल नगर की 7 साल की बच्ची में डेंगू की पुष्टि हुई है।
डेंगू के साथ साथ अब मलेरिया के मामले भी सामने आने लगे है। भगवंतपुर निवासी एक 17 वर्षीय किशोरी की जांच रिपोर्ट में मलेरिया की पुष्टि हुई है। फिलहाल किशोर का इलाज जारी है।






