
संवाददाता
कानपुर। नगर में मानसून की फुहारो से भरी दस्तक का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलती नहीं दिख रही है। लेकिन नमी बढ़ने और बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
कल गुरुवार को सुबह आसमान में बादल छाने से मौसम सुहाना होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज धूप निकल आई।
आज भी दिनभर बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच उमस ने लोगों को बेहाल किए रखा। हवा की रफ्तार बेहद कम रहने से वातावरण में नमी बनी रही और लोग पसीने से तरबतर नजर आए। भीषण गर्मी के बीच दोपहर में सड़कों पर निकलने वाले लोग छांव तलाशते दिखाई दिए।
कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शर्बत वितरण किया। बाजारों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दुकानदार हाथ से पंखा झलते नजर आए, जबकि ग्राहकों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था । खास बात यह रही कि पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके चलते लोगों को रात में भी गर्मी और बेचैनी का सामना करना पड़ा।
दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। मौसम में नमी अधिक होने और हवा की गति कम रहने के कारण उमस का असर ज्यादा महसूस हुआ। शाम तक लू जैसे हालात बने रहे और लोगों को राहत नहीं मिल सकी। गर्मी के कारण सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में भी भीड़ अपेक्षाकृत कम रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार अगले 24 घंटों में दिन के समय तेज धूप निकलने की संभावना है। रात में हल्के बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि वातावरण में नमी बनी रहने से उमस और गर्मी का असर फिलहाल जारी रहेगा। ऐसे में शहरवासियों को अभी कुछ दिन और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।






