• अगले 14 घंटो में बारिश की संभावना।

संवाददाता
कानपुर। शहर में भीषण गर्मी और तेज धूप का असर लगातार बना हुआ है। मंगलवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख रहे, जिससे लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। जरूरी काम से घरों से बाहर निकले लोग चेहरे को कपड़े और गमछे से ढककर चलते नजर आए।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की मौसम रिपोर्ट के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया। दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख सड़कों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर रहे।
गर्मी का असर रात में भी बना रहा। उमस बढ़ने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी। घरों में चल रहे पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंकते नजर आए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों के दौरान तेज धूप और लू का असर जारी रहने की संभावना है। हालांकि वातावरण में नमी मौजूद होने और नमी का प्रवाह बढ़ने के कारण बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।
उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना है। बावजूद इसके, गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं।






