
संवाददाता
कानपुर। सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के एक दरोगा ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एक यात्री की जान बचा ली। चलती ट्रेन से उतरने के दौरान एक यात्री असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया था। महज पांच सेकेंड के भीतर मौके पर पहुंचे आरपीएफ उपनिरीक्षक ने उसे बाहर खींच लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गाड़ी संख्या 12382 पूर्वा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर पहुंची थी। इसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था। ट्रेन की गति पूरी तरह थमी नहीं थी, जिससे वह संतुलन खो बैठा और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा।
गिरने के बावजूद यात्री ने ट्रेन के गेट का हैंडल पकड़ रखा था, जबकि ट्रेन आगे बढ़ रही थी। स्थिति बेहद खतरनाक थी और कुछ ही क्षणों में बड़ा हादसा हो सकता था।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक अनिल कुमार गौतम की नजर अचानक यात्री पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही उन्होंने बिना समय गंवाए दौड़ लगाई और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री का हाथ पकड़कर उसे बाहर की ओर खींच लिया।
दरोगा की तत्परता के चलते यात्री सुरक्षित बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई।
घटना का 21 सेकेंड का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे यात्री चलती ट्रेन से उतरते समय फंस गया और कुछ ही सेकेंड में आरपीएफ दरोगा ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एस.एन. पाटीदार ने बताया कि सभी प्लेटफॉर्म पर रेलवे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। 24 घंटे की शिफ्ट व्यवस्था के तहत ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय विशेष निगरानी रखी जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।






