
संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। शीतला बाजार रोड पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक ट्रैक्टर के अगले हिस्से में फंसकर करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। बाइक सवार युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
यह घटना सुबह 10:45 बजे हुई। ढाल से उतरते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय निवासियों सोनू अहमद, सलीम और गफ़्फ़ार ने बताया कि बाइक ट्रैक्टर में फंसने के बाद सड़क पर घिसटने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ये ट्रैक्टर नमामि गंगे परियोजना में लगा था।
चमनगंज के हुमायूबाग निवासी प्राइवेटकर्मी अफरोज खान ने बताया कि वह गज्जूपुरवा से हड्डीमील की तरफ जा रहे थे। पुल के पास पहुंचते ही अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जब तक वह कुछ समझ पाते, बाइक ट्रैक्टर के अगले हिस्से में फंस चुकी थी। चालक के न रुकने पर उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए छलांग लगा दी।
हादसे के दौरान बाइक सवार अफरोज खान ने समय रहते छलांग लगाकर खुद को ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आने से बचा लिया। इसके बाद ट्रैक्टर बैरीकेटिंग से टकराकर रुक गया, स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सड़क से उठाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद चालक भीड़ जुटते देखकर ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि यह ट्रैक्टर नमामि गंगे परियोजना में माल ढोने के लिए लगा था।






