
संवाददाता
कानपुर। चकेरी क्षेत्र में चलती बस में चोरी करने का प्रयास विफल हो गया। हरिद्वार से लौट रहे छात्रों की सतर्कता से दो संदिग्ध युवकों की चोरी की कोशिश नाकाम हो गई । छात्रों ने एक युवक को दौड़ाकर पकड़ा, जिसे भीड़ ने जमकर पीटा। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और कुछ ही देर में दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया।
यशोदा नगर निवासी बीबीए छात्र प्रदुमन सिंह भदौरिया अपने दोस्तों यशवर्धन सिंह, अनंत शुक्ला, अनुज सैनी और पीयूष जोशी के साथ हरिद्वार से गंगा स्नान करके लौट रहे थे। उनकी बस लखनऊ के चारबाग से चलकर कानपुर आ गई थी और रामादेवी फ्लाईओवर से नीचे उतर रही थी।
छात्रों के अनुसार, बस की पिछली सीट पर बैठे दो युवक उनका बैग लेकर उतरने लगे। प्रदुमन की नजर बैग पर पड़ते ही उन्होंने शोर मचाया और युवकों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर दोनों युवक भागने लगे। छात्रों और अन्य यात्रियों ने पीछा करके एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
आरोपी के पकड़े जाते ही वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने उससे जमकर मारपीट की। छात्रों ने बताया कि बैग में एक कैमरा, कपड़े और 10 हजार रुपये नकद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पकड़ा गया युवक नशे की हालत में लग रहा था।
छात्रों ने आरोप लगाया कि दोनों युवक रात के अंधेरे और यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देना चाहते थे। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 20 मिनट के भीतर दूसरे संदिग्ध युवक को भी पकड़ लिया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






