May 2, 2026

संवाददाता
कानपुर।  गन्ने के रस की दुकान लगाने को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में एक व्यक्ति पर बर्फ काटने वाले सूजे से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बैरी गांव निवासी अरशद के मुताबिक, कल्याणपुर क्रॉसिंग के पास उनकी जूस की दुकान है। पड़ोसी भी उसी स्थान पर दुकान लगाने का दबाव बना रहे थे, जिससे दोनों पक्षों में पहले से तनाव था।
आज उनके पिता अनवर इलाके के  अनस की दुकान पर जूस का गिलास लेने पहुंचे थे, इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद अनस ने अपने भाई अन्नू सहजान समेत करीब 20 लोगों को बुला लिया।
हमलावरों ने आते ही अनवर पर हमला कर दिया और बर्फ काटने वाले सूजे से सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे अकरम और शाहरुख को भी बुरी तरह पीटा गया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अनवर की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में इलाज चल रहा है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जूस का गिलास मांगने को लेकर विवाद हुआ था, हालांकि पहले से भी दुकान लगाने को लेकर तनाव की बात सामने आई है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *