संवाददाता
कानपुर। कानपुर-औरैया हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रही महिला की जान चली गई। यह हादसा डेरापुर थाना क्षेत्र में मवई मुक्ता और बिहारी गांव के बीच उस समय हुआ, जब सामने अचानक आई स्कूटी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में जा गिरी।
इटावा जनपद के सैफई के नगला नत्थू निवासी मोहिनी पत्नी इंद्रेश यादव, सोमवार को अकबरपुर में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने के लिए अपने भांजे देवराज पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी चकरनगर, इटावा के साथ बाइक से निकली थीं। रास्ते में मुंगीसपुर और बिहारी गांव के बीच अचानक सामने आई स्कूटी को बचाने के दौरान बाइक चालक संतुलन खो बैठा और वाहन तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची डेरापुर पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज, अकबरपुर भिजवाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने मोहिनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, देवराज की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के लोगों ने बताया कि मोहिनी इस परीक्षा को लेकर बेहद उत्साहित थी और बेहतर भविष्य की उम्मीदों के साथ घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी जिंदगी थम गई।
थाना प्रभारी डेरापुर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में महिला की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






