
संवाददाता
कानपुर। छत्तीसगढ़ में 1 मई से आयोजित होने वाली अंडर-20 नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए घोषित उत्तर प्रदेश की टीम में कानपुर के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की कर ली है।
वाराणसी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद, उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मो. शाहिद ने आधिकारिक तौर पर टीम की घोषणा की। कानपुर से विहान खन्ना, रोहित सिंह और निखिल सिंह यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर राज्य टीम में चुना गया है।
कानपुर के इन तीन खिलाड़ियों के अलावा प्रदेश के विभिन्न मंडलों से मो. साजिद, शिवम यादव, मो. शाहविज़, अबू हन्जला, फरहान खान, मो. वाजिद अली, मो. नदीम, गौरव चौहान, अभिषेक कुमार, जाने आलम, शिवम पटेल, प्रशांत सिंह, सुशांत गुप्ता, मो. कैफ खान और विशाल रावत को भी टीम में शामिल किया गया है।

चैंपियनशिप के दौरान उत्तर प्रदेश की टीम अपने ग्रुप स्टेज के मैच निम्नानुसार खेलेगी:
3 मई: पहला लीग मैच – बनाम मध्य प्रदेश
5 मई: दूसरा मैच – बनाम अरुणाचल प्रदेश
7 मई: तीसरा एवं अंतिम लीग मैच – बनाम मिजोरम
टीम के मार्गदर्शन के लिए अनुभवी दिग्गजों को जिम्मेदारी सौंपी गई है:
टीम कोच: सम्शीर रज़ा (अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी)
मैनेजर: एम.एस. बेग
फिजियो: डॉ. प्रेम प्रकाश
कानपुर के खिलाड़ियों के इस चयन पर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन में खुशी की लहर है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी, चेयरमैन सुनील खन्ना, आसिफ इकबाल समेत सभी पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि प्रदेश की टीम राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और शहर का नाम रोशन करेगी।







