
संवाददाता
कानपुर। खाना खाकर टहलने निकले बुजुर्ग को वीआईपी रोड से गुजरना भारी पड़ गया। वीआईपी रोड पर सड़क पार कर रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन रौंदते हुए भाग निकला। मोहल्ले के निवासियों से जानकारी मिलने पर आनन–फानन में परिजन बुजुर्ग को हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खलासी लाइन, जालिम सिंह का अखाड़ा निवासी 80 वर्षीय सरजू प्रसाद हजारिया एल्गिन मिल में काम करते थे। परिवार में पत्नी माया देवी हैं। उनके दो बेटे राजेश व राकेश की एक साल पहले मौत हो चुकी है। पौत्र अमन ने बताया कि बाबा सरजू प्रसाद रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे खाना खाकर टहलने के लिए निकले थे।
वह रिवर साइड पावर हॉउस चौराहे के पास पहुंचे ही थे, तभी गीनपार्क की ओर से आ रहा तेज रफ्तार वाहन उनको टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाकाई लोगों ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन उन्हें लहूलुहान हालत में हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है, परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।






