• छात्र के परिजनों की धमकी से तनावग्रस्त थे।

संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने बंद पड़े विद्यालय परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शीतलपुर राहा निवासी अनमोल सिंह उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है। वह घाटमपुर क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक थे। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले स्कूल में पढ़ाते समय उसने एक छात्र को अनुशासनहीनता पर हल्की डांट लगाई थी।
आरोप है कि इसी दौरान छात्र भागते समय गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आ गई। इसके बाद छात्र के परिजनों ने शिक्षक को गंभीर परिणाम भुगतने और जेल भिजवाने की धमकी दी थी। इस घटना के बाद से अनमोल मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि लगातार मिल रही धमकियों और बढ़ते तनाव के कारण वह अवसाद में चला गया था।
आज वह शीतलपुर स्थित एक बंद पड़े स्कूल में पहुंचा और साइकिल पर चढ़कर कुंडे से फांसी लगा ली। जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज भदौरिया के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव और धमकियों से जुड़ा लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






