
संवाददाता
कानपुर। तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल है। दिन के साथ साथ रात में भी गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रात का तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। इसी के साथ बीती रात को सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज किया गया।
रात के समय भी लोगों के पसीने छूटे।
दिन के समय तेज धूप और लू जैसे हालात के चलते दोपहर में सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। हालत यह रही कि दिन के समय प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरा नजर आया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
तेज धूप से बचाव के लिए बड़े और बच्चे चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते दिखे। गर्मी के कारण लोगों का गला सूखता रहा, जिससे शिकंजी, ठंडे पेय और पानी की मांग बढ़ गई। जगह-जगह लोग पेय पदार्थो के ठेले पर खड़े होकर प्यास बुझाते नजर आए।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। आने वाले दिनों में तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन पर तापमान 41.8 डिग्री रहा जो कि शहर से 1.8 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन के समय लू चलेगी। तेज धूप निकलने से तापमान भी बढ़ेंगे। दिन के साथ अब रातों में भी गर्मी बढ़ने लगी है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को ढककर रखने की सलाह दी है।






