
संवाददाता
कानपुर। गर्मी अब अपने चरम पर पहुंचने लगी है। आज दोपहर तेज धूप और तपिश के चलते सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
धूप में परेशान लोग पेड़ों की छांव में बैठे दिखे। साथ ही गन्ने के जूस, बेल के शरबत, शिकंजी आदि ठंडे पेय के स्टालो पर लोगों की भीड़ दिखी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन लू चलने की चेतावनी जारी की है।
लोग तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में घरों से निकलने से बच रहे हैं। सड़कों और बाजारों में भीड़ कम हो गई है। जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे चेहरे को कपड़े से ढककर और छाता-टोपी का सहारा लेकर चल रहे हैं।
सीएसए के मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा है। वहीं, रात का तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन और रात के तापमान में बढ़ता अंतर भी गर्मी की तीव्रता का संकेत दे रहा है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा सा नजर आने लगा है। जरूरी काम से ही लोग घरों से निकल रहे हैं। बाजारों में भी भीड़ कम हो गई है, जबकि ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में दोपहर व शाम को तेज हवाएं चलेंगी जो कि लू का एहसास कराएंगी। तेज धूप के कारण तापमान में बढोत्तरी दर्ज किए जाने की संभावना है। अरब सागर से नमी आने से उमस बढ़ेगी, जिससे हीट इंडेक्स बढ़ सकते हैं।






