
संवाददाता
कानपुर। एक फर्जी रेलवे अधिकारी को सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे विजिलेंस टीम ने पकड़ा। आरोपी संजय कुमार शिव गंगा एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा था। वह खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर यात्रा कर रहा था। ट्रेन में कई यात्रियों को उसने हड़काया था । इसी बीच किसी ने इसकी शिकायत कर दी। सूचना पर विजिलेंस विभाग की टीम अलर्ट हो गई।
जैसे ही शिव गंगा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंची। विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रेलवे के कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। इनमें नकली आई कार्ड, ड्यूटी पास और सुविधा पास शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से हजारों रुपए कैश भी मिले हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इन फर्जी दस्तावेजों के सहारे लोगों को भ्रमित कर रहा था। खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर यात्रा कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकता है।
विजिलेंस टीम अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। वह इस फर्जीवाड़े को कब से अंजाम दे रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे मामलों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत रेलवे या पुलिस को दें।






