• राहगीरों ने बनाया वीडिओ, सोशल मीडिया पर वायरल।

संवाददाता
कानपुर। सीवर समस्या का समाधान न होने पर नगर के बाबूपुरवा वार्ड 105 में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के पार्षद मोहम्मद मेराज क्षेत्र की सीवर समस्या से नाराज होकर खुद मेनहोल में उतर गए। उन्होंने मौके पर ही अपनी शर्ट उतारी और जाम सीवर की स्थिति दिखाते हुए विरोध दर्ज कराया। इस दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पार्षद अपने वार्ड के भ्रमण पर थे, तभी स्थानीय लोगों ने गंदे और जाम मेनहोल की समस्या बताई। क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि कई बार जलकल विभाग को शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर पार्षद ने खुद मेनहोल में उतरकर व्यवस्था की पोल खोल दी।
पार्षद को अचानक मेनहोल में उतरता देखक लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई और राहगीरों ने फोटो-वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
यह घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता बता रहे हैं, तो कुछ इसे विरोध का अनोखा तरीका मान रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक क्षेत्र में सीवर जाम और गंदगी की समस्या काफी समय से बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी। पार्षद के इस कदम के बाद अब संबंधित विभाग पर समस्या के समाधान को लेकर दबाव बढ़ गया है।






