
संवाददाता
कानपुर। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं टर्म-1 का रिजल्ट घोषित होते ही कानपुर के स्कूलों में रौनक बढ़ गई। रिजल्ट आते ही छात्र-छात्राएं अपने-अपने स्कूल पहुंचे, जहां खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई स्कूलों में दिनभर जश्न जैसा माहौल रहा और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
शहर के डीपीएस आजाद नगर की अविका अग्रवाल ने 99.8 व सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर कमला नगर की अवनी मिश्रा ने 99.2 प्रतिशत अंक पाकर मेधावियों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया।
डीपीएस आजाद नगर की छात्रा अविका अग्रवाल ने बताया कि टाइम टेबल बनाकर मैक्सिमम टाइम पढ़ाई में दिया है। वह भविष्य में आईआईटी से सीएस ब्रांच से बीटेक करना चाहती हैं। इसके बाद वह इसरो में शोध या यूपीएससी पास करके सिविल सेवा में जाएंगी। इनके पिता अर्पित अग्रवाल एचएएल में चीफ इंजीनियर व मां लवी कौशल अग्रवाल एमएमआईटी औरेया में लेक्चरर हैं।
सर पदमपच सिंहानिया एजुकेशन सेंटर कमला नगर की छात्रा अवनी मिश्रा ने 99.2 परसेंट अंक हासिल किए हैं। अवनी के पिता अभिषेक मिश्रा एक आईटी इंडस्ट्री में काम करते हैं। वहीं, उनकी मां प्रियंका मिश्रा ग्लोबल लेवल पर हिंदी पढ़ा रही है। बेटी कि कामयाबी पर पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ने में काफी ज्यादा होशियार थी उसका शुरू से ही फोकस अपनी स्टडी को लेकर रहा है जब भी उसके ऊपर पढ़ाई को लेकर प्रेशर रहा उसने उसे प्रेशर को खुद से मेंटेन किया है।अवनी ने बताया कि एग्जाम टाइम में 7 से 8 घंटे सेल्फ स्टडी की। अब भविष्य में उसे आईआईटी के की तैयारी कर रिसर्च फील्ड में काम करना है। इसको लेकर हम सब भी उसे सपोर्ट कर रहे हैं। वही बच्ची की मां प्रियंका मिश्रा ने कहा कि अवनी को आर्ट के साथ-साथ राइटिंग और गिटार बजाना काफी ज्यादा पसंद है।
रिजल्ट घोषित होने के बाद शहर के कई प्रमुख स्कूलों में छात्र-छात्राओं की भीड़ देखने को मिली। अच्छे अंक पाने वाले विद्यार्थियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और शिक्षकों से आशीर्वाद लिया।
कानपुर के डीपीएस आजाद नगर, डीपीएस कल्याणपुर, चिन्टल्स स्कूल कल्याणपुर और सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर समेत कई सीबीएसई स्कूलों में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। छात्र अपने रिजल्ट को लेकर चर्चा करते और भविष्य की योजनाएं बनाते नजर आए।
सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर की पारज अरोड़ा ने 98.8 परसेंट अंक पाए हैं। छात्रा ने बताया कि उसका पूरा फोकस एग्जाम के टाइम में अपनी सेल्फ स्टडी पर ही था। उसने सोशल मीडिया समेत उन प्लेटफार्म से काफी ज्यादा दूरी बना ली थी। एग्जाम के टाइम पर स्कूल से उसे काफी ज्यादा रिसोर्सेस मिले और उसने उसी के एकॉर्डिंग 9 से 10 घंटे तक खुद से सेल्फ स्टडी की।
डीपीएस आजाद नगर के छात्र कुलय भारद्धाज पांडेय ने 83 परसेंट अंकों के साथ 10वीं की परीक्षा पास की है। यह सीपी से ग्रसित होने के साथ साथ ब्लाइंड भी हैं। बातचीत में बताया कि किसी भी विषय के एक लेसन को मैं अच्छे से पढ़ता था और बाद में उसका रिवीजन करता था। उसके बाद ही दूसरा लेसन उठाता था। इनके पिता संजीव पांडेय साफ्टवेयर इंजीनियर व मां रंजना पांडेय गृहणी हैं।
जवाहर नगर की प्रगति शुक्ला ने 10वीं में 97.4 प्रतिशत अंक पाए है। वो सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर की छात्रा हैं। इनके पिता मनीष शुक्ला प्राइवेट जॉब करते हैं व मां शालिनी शुक्ला बीते एक साल से स्पाइन की दिक्कत के चलते बीमार चल रही हैं। परीक्षा परिणाम आने के बाद प्रगति के मां व पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए उन्होंने कहा कि उनके दो बेटियां है पर दोनों ने कभी बेटों की कमी का एहसास नहीं होने दिया।
शिक्षकों का कहना है कि छात्रों की मेहनत, नियमित पढ़ाई और अभिभावकों के सहयोग से ही ऐसे बेहतर परिणाम संभव हो पाते हैं। इस रिजल्ट ने एक बार फिर साबित किया कि कानपुर के छात्र शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।






