संवाददाता
कानपुर। आम जनमानस की जानकारी के लिए परियोजना अधिकारी, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने सूचित किया है कि वर्तमान में डूडा कार्यालय से किसी भी प्रकार की निःशुल्क आवासीय योजना हेतु आवेदन पत्र वितरित नहीं किए जा रहे हैं।
लेकिन पिछले कुछ समय से यह संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ‘आसरा आवास योजना’ एवं ‘मा. कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना’ के नाम पर लोगों से आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं तथा फर्जी आवंटन पत्र जारी करके अवैध रूप से धनराशि वसूली जा रही है। यह पूर्णतः भ्रामक एवं असत्य है।
डूडा की संचालित सभी आवासीय योजनाएं पूरी तरह निःशुल्क होती हैं तथा इनके लिए किसी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाता है।
जिला परियोजना अधिकारी ने आमजन से अपील करी है कि ऐसे भ्रामक प्रलोभनों से सावधान रहें और ऐसे तत्वों को किसी भी प्रकार की धनराशि का भुगतान न करें।
जिला नगरीय विकास अभिकरण की आवासीय योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति विकास भवन स्थित डूडा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।






