March 19, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  बिल्हौर के इन्दलापुर गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की 75 वर्षीय मां ने अपनी बहू और उसके परिजनों पर बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन्दलापुर निवासी सावित्री देवी पत्नी स्व. छोटेलाल ने अरौल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके तीन बेटे अनिल, कमलेश और प्रमोद थे। अनिल और प्रमोद गांव में अलग-अलग घरों में रहते थे, जबकि कमलेश अरौल में किराए के मकान में रहता था।
सावित्री देवी के अनुसार, उनके छोटे बेटे प्रमोद की शादी  कल्याणपुर की युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही बहू कथित तौर पर प्रमोद पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाने लगी, जिससे प्रमोद मानसिक तनाव में रहने लगा।
लगभग एक महीने पहले बहू प्रमोद को अपने मायके कल्याणपुर ले गई, जहां वे दोनों रहने लगे। प्रमोद वहां से रोजाना अरौल स्थित अपनी दुकान पर आता था और शाम को वापस कल्याणपुर चला जाता था।
परिजनों ने बताया कि प्रमोद अक्सर उनसे कहता था कि उसकी पत्नी और ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे वह अपने जीवन से परेशान हो चुका है।
तहरीर के मुताबिक, 19 फरवरी 2026 को परिवार के सभी सदस्य बड़े बेटे अनिल के बेटे की शादी में शामिल होने फतेहपुर गए थे। इसी दौरान 22 फरवरी 2026 को कथित तौर पर पत्नी और उसके परिजनों ने प्रमोद के साथ मारपीट की।
इस घटना से आहत होकर प्रमोद गांव वापस आया। घर में कोई न होने पर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों को सूचना मिलने पर जब वे गांव पहुंचे, तो प्रमोद की पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग पहले से ही वहां मौजूद थे। 

पीड़ित मां का आरोप है कि वे लोग प्रमोद की संपत्ति को लेकर उन्हें लगातार धमकी भी दे रहे हैं।
अरौल थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related News