
संवाददाता
कानपुर। नगर के ककवन क्षेत्र में उप जिलाधिकारी डॉ. संजीव दीक्षित ने शनिवार को ए एम द्रोपाराम गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी में गैस सिलेंडरों के स्टॉक, बुकिंग व्यवस्था और वितरण प्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से भी बातचीत कर गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को समझा।
एसडीएम संजीव दीक्षित ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन की निगरानी में सभी उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करता है या निर्धारित नियमों के विरुद्ध अधिक कीमत वसूलता है, तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए। शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है या बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं दिया जाता है, तो शिकायत मिलने पर एजेंसी संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गैस वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही या शिकायत सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बिल्हौर एसीपी मंजय सिंह भी मौजूद रहे।






