March 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की घटना हुई थी। पीड़िता की शिकायत पर करीब 25 दिन बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि वह कई दिनों तक चौकी और थाने के चक्कर लगाती रहीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पनकी कटरा निवासी शालिनी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से पनकी मंदिर पुलिस चौकी के सामने रहती हैं। 30 जनवरी 2026 को उनकी मां फूलदुलारी की तबीयत खराब होने पर उन्हें मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान 13 फरवरी को उनके मामा घिसियावन सिंह निवासी बछरावा, रायबरेली अस्पताल आए थे। उन्होंने पनकी स्थित घर की चाबी लेकर नहाने और कपड़े बदलने की बात कही, जिस पर शालिनी ने सुबह करीब नौ बजे उन्हें चाबी दे दी।
14 फरवरी की सुबह करीब छह बजे घिसियावन सिंह ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर में जंजीर काटकर चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर शालिनी पनकी स्थित घर पहुंचीं और सामने स्थित पुलिस चौकी पर जानकारी दी।
चौकी से दो सिपाही और चौकी इंचार्ज श्रवण कुमार तिवारी के साथ घर के अंदर पहुंचने पर अलमारी का लॉक टूटा मिला और उसमें रखे आभूषण, नगदी, मां की पासबुक तथा अन्य जरूरी दस्तावेज गायब मिले। मौके की फोटो भी मोबाइल से ली गई।
इसी बीच सुबह करीब आठ बजे अस्पताल से उनकी मां के निधन की सूचना मिल गई, जिसके बाद वह मंधना जाकर अंतिम संस्कार में व्यस्त हो गईं। बाद में पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में 13 फरवरी की रात 11:43 बजे दो संदिग्ध छत के रास्ते घर में उतरते दिखाई दिए। यह फुटेज उन्होंने 15 फरवरी को चौकी इंचार्ज को सौंप दी।
पीड़िता के अनुसार चौकी इंचार्ज के निर्देश पर वह उपनिरीक्षक रवि द्विवेदी के साथ नगर निगम कार्यालय स्थित एनसीआरबी केंद्र भी गईं, जहां चौराहे के सीसीटीवी कैमरे में 13 फरवरी की रात 11:41 बजे पनकी मंदिर गेट नंबर-2 से दो संदिग्ध उनके घर की ओर जाते दिखाई दिए। हालांकि नगर निगम कर्मियों ने मुकदमा दर्ज न होने की बात कहकर फुटेज देने से मना कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उनसे चोरी हुए सामान की सूची लाने को कहा और बाद में पांच दिन के लिए प्रयागराज जाने की बात कही। इस दौरान वह कई बार चौकी और थाने के चक्कर लगाती रहीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि चौकी इंचार्ज किसी मामले में निलंबित हो गए हैं। जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों समेत आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई।
पनकी ऐसीपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। मुकदमा क्यों लेट दर्ज किया गया जाँच कराई जायेगी। 

Related News