March 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शाहूजी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के हिन्दी काव्य लेखन एवं हिन्दी निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक तथा कुलसचिव ने ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र प्रदान करके सम्मानित किया। यह सम्मान स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने प्रदान किया। ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र प्राप्त करके  विजेता प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

हिन्दी काव्य लेखन प्रतियोगिता में बीए ऑनर्स हिन्दी की छात्रा अस्मिता यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पार्थ सारथी मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहे। मास्टर ऑफ कॉमर्स की छात्रा संदली गुप्ता को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

वहीं हिन्दी निबंध लेखन प्रतियोगिता में एमए हिन्दी की छात्रा इंदु सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स की छात्रा रूचि गुप्ता द्वितीय तथा मोहिनीश त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहे।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद सभी विजेताओं ने कुलपति, कुलसचिव तथा स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के निदेशक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरा विश्वविद्यालय मेरी शान है और हिन्दी भाषा मेरी जान है।

इस अवसर पर निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि श्रेष्ठतम भाव और श्रेष्ठतम विचार अपनी भाषा में ही सर्वाधिक प्रभावी रूप से व्यक्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज निरंतर अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का कार्य करता रहेगा। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण और अत्याधुनिक नवाचारों से युक्त शिक्षा का लाभ अधिक से अधिक संख्या में प्रवेश लेकर उठाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के संयोजक एवं हिन्दी विभाग प्रभारी डॉ. श्रीप्रकाश ने विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव  सहित सभी शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. सुमना विश्वास, डॉ. पूजा अग्रवाल, डॉ. ऋचा शुक्ला, डॉ. प्रभात गौरव मिश्रा, डॉ. लक्ष्मण कुमार, डॉ. प्रीति वर्धन दुबे, डॉ. अंजनी कुमार, डॉ. सुमित चौधरी, डॉ. सेजल, डॉ. अभिजित शाहा सहित स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News