
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील के सरसौल कस्बे में स्थित भारत गैस एजेंसी पर शनिवार को एलपीजी सिलेंडर को लेकर भारी अव्यवस्था देखी गई। सैकड़ों उपभोक्ता भोर से ही सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े हो गए, जिसके कारण भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा।
सरसौल चौकी इंचार्ज शादाब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में सिलेंडर का वितरण कराया गया। इस दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित कई लोगों को घंटों इंतजार करते देखा गया।
नौगवां गौतम निवासी सियाराम ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनके बेटे पंकज की आज बारात जानी है, लेकिन कई दिनों से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे सिलेंडर के लिए लाइन में लगें या बेटे की शादी की तैयारियों में जुटें।
इसी तरह, ग्राम पुरवामीर निवासी अजय सिंह ने बताया कि 22 मार्च को उनकी दादी की तेरहवीं है। वे भी कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें गैस नहीं मिली है। इस स्थिति से तेरहवीं के भोजन की व्यवस्था को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।
गुलाब खेड़ा निवासी हिम्मत यादव ने बताया कि उन्होंने लगभग पंद्रह दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अभी तक उसकी डिलीवरी नहीं हो पाई है। उपभोक्ताओं को इस कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारत गैस एजेंसी सरसौल के संचालक उमेश ने बताया कि पांच दिन बाद गुरुवार को सिलेंडर की गाड़ी आई थी और सभी सिलेंडर वितरित कर दिए गए थे। शुक्रवार को गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण अव्यवस्था की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि शनिवार को सिलेंडर की गाड़ी आई है और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी में वितरण कराया जा रहा है। फिलहाल अन्य गैस एजेंसियों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।






