March 8, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत हो गई। महिला ने 15 दिन पहले ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। तबियत में सुधार न होने के चलते उसका इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने पर पति ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी महिला के मायके पक्ष को दी गई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद महिला के भाई ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के भाई की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के स्थित मदनेपुर गांव की रहनेवाली पायल उर्फ रुचि गौतम ने 20 फरवरी को ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया था। जिसके बाद से उसकी हालत लगातार खराब होती जा रही थी। उसका गांव के ही एक नीजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
शुक्रवार की रात करीब 8 बजे हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे कार्डियोलॉजिस्ट के पास रेफर कर दिया। इसके बाद पति रजनीश पुत्र संजय ने उसे रावतपुर हृदयरोग संस्थान में भर्ती कराया। पायल की हालत और खराब होती जा रही थी।
जिसके बाद पति रजनीश ने फोन पर बड़े साले नीरज को पायल की हालत नाजूक होने की सूचना दी। गांव में ना होने के कारण नीरज ने छोटे भाई पंकज को बहन की हालत के बारे में बताया। जिसके बाद पंकज शिवराजपुर के काकूपुर से बाइक से अस्पताल पहुंचा। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद शव को करीब करीब 4 बजे घर लाया गया।
शनिवार सुबह करीब 5 बजे पायल के पिता सियाराम, मां शिवकांती, बहन कोमल, चेचेरा भाई रामबाबू पड़ोसी इंद्रपाल सहित करीब 50 लोग पायल के ससुराल पहुंचे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलने पर शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की सूचना पर एसीपी मंजय सिंह भी मौके पर पहुंचे।
मृतका के भाई नीरज ने बताया- पूर्व में बहन छोटी-छोटी बातों पर जेठानी मधु व सास राजकुमारी पर छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ना वह मारपीट का आरोप लगाती थी।  पति से बात करने पर पहले तो वह प्रताड़ना का आरोप नकार न देता था। बाद में आगे से यह घटना न होने का आश्वासन देता था।
मां शिवकांति ने बताया- बेटी सास-जेठानी पर नौकरों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाती थी। घर में जेठ आशीष की चलती थी। वह पत्नी मधु की ही बातों पर भरोसा करता। कोई शिकायत करे तो उससे ही अभद्रता करता।
पिता सियाराम ने बताया- लगभग 1 साल पहले एक घरेलू कार्यक्रम में ससुराल पक्ष के सब लोगों को आमंत्रित किया था। जिसमें बेटी से किसी बात को लेकर सास राजकुमारी ने मारपीट कर दी थी। जब हम लोगों के सामने यह लोग इस तरीके का व्यवहार करते हैं तो पीठ पीछे क्या करते होंगे।
शिवराजपुर थानाक्षेत्र के काकूपुर रब्बन गांव की पायल की शादी 28 अप्रैल 2024 को मदनेपुर गांव के रजनीश पुत्र संजय से हुई थी। रजनीश झांसी में एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। वहां से उनका हफ्ते में आना-जान लगा रहता है। पायल के बड़े भाई नीरज ने ही रजनीश को नौकरी दिलाई थी।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि  घटना के हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।