March 3, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  ग्रीन पार्क स्टेडियम के पास शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार से करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और काला धुआं आसमान में छा गया।
यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। ग्रीन पार्क से परमट की ओर जाने वाली सड़क के किनारे खड़ी नेक्सॉन कार अचानक धू-धू करके जलने लगी। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही करीब 10 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी जल गई।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था और इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना में जली कार शहर के बकरमंडी निवासी मोहम्मद दाऊद की है। दाऊद ग्रीन पार्क स्थित यस बैंक में नौकरी करते हैं। मई 2024 में नेक्सॉन कार खरीदी थी। मोहम्मद दाऊद ने बताया कि रोजाना यहीं पर गाड़ी खड़ी करता हूं। गाड़ी पूरी तरह से जल गई है, उसमें कुछ नहीं बचा।