
संवाददाता
कानपुर। प्रेमी से झगड़े के बाद 16 साल की किशोरी ने गंगा में कूद कर जान दे दी। सुबह उसका शव परमट घाट के किनारे पड़ा मिला। प्रेमी की सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने जांच–पड़ताल कर परिजनों को जानकारी दी।
मृतका के पिता ने बताया कि बेटी का 6 माह से पी. रोड में रहने वाले एक युवक से अफेयर था। जानकारी होने पर वह बेटी की शादी कराने को भी राजी हो गए थे।
ग्वालटोली, एफएम कॉलोनी निवासी शैलेश कुमार चाट का ठेला लगाते हैं। परिवार में पत्नी बिन्नों, बेटा समीर, कार्तिक और बेटी आनंदी थी। बेटी आनंदी ने एमजी कॉलेज से क्लास-8 तक पढ़ाई की थी। इसके बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
पिता शैलेश ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह घर लौटे तो आनंदी से खाना परोसने को कहा। खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया। रात 12 बजे के बाद आनंदी बिना बताए घर से चली गई।
पिता ने बताया- देर रात आंख खुलने पर बेटी घर में नहीं मिली, तो खोजबीन शुरू की। लेकिन, उसका कोई पता नही चला। शुक्रवार को बेटी का युवक से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिस पर वह परेशान थी। शनिवार सुबह आनंदी का शव परमट घाट के पास पड़ा मिला।
इसकी जानकारी युवक ने ही ग्वालटोली पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
ग्वालटोली थाना प्रभारी ने बताया कि युवती का मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।






