March 1, 2026

संवाददाता 

कानपुर। स्टेट जीएसटी की विशेष टीम एसआईबी ने कानपुर के कल्याणपुर स्थित मधुरम स्वीट्स पर छापेमारी करके  करीब 10 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी की आशंका जताई है। वहीं, शहर के दूसरे बड़े कारोबारी के यहां इनकम टैक्स की टीम आज तीसरे दिन जांच पड़ताल कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया कि फर्म ने 200 क्विंटल यानी 20 हजार किलो चीनी की खरीद दिखाई, लेकिन कागजों में 20 हजार किलो मिठाई की बिक्री ही दिखाई। जानकारों के मुताबिक, 200 क्विंटल चीनी से करीब 500 क्विंटल यानी 50 हजार किलो मिठाई तैयार होती है। आशंका है कि करीब 300 क्विंटल यानी 30 हजार किलो मिठाई बिना लेखा-जोखा के बेची गई।
उपायुक्त विनय कुमार गौतम के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने कार्रवाई की। स्टॉक रजिस्टर, बिक्री पुस्तिका, नकद व उधार बही, कर चालान सारांश और बिल पुस्तिका जब्त कर ली गई।
जांच में यह भी पाया गया कि फर्म पारिवारिक इकाई ‘बब्बू ढाबा’ को बिना टैक्स चालान खाद्य सामग्री की आपूर्ति कर रही थी। वित्त वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में वास्तविक कारोबार की तुलना में कम कर टैक्स दिखाई गई।
टीम ने कंप्यूटर, लैपटॉप, हार्ड डिस्क समेत डिजिटल उपकरणों की भी जांच की। अधिकारियों के मुताबिक पोर्टल आधारित डाटा एनालिसिस और पूर्व रेकी के बाद यह कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में दस्तावेजों की विस्तृत जांच जारी है। अंतिम टैक्स निर्धारण आकलन के बाद तय किया जाएगा।
कानपुर शहर के बड़े कारोबारी समूह राज रतन पर इनकम टैक्स का सर्वे गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। 11 ठिकानों पर टीम जांच के लिए पहुंची। इसमें दो ठिकानों पर जांच पूरी हो चुकी है। टीम ने सभी दस्तावेज सीज कर लिए है, जबकि 9 जगहों पर लगभग 55 अधिकारी आज शुक्रवार को भी अभिलेख खंगाल रहे हैं।
शुरुआती पड़ताल में स्टॉक और खातों में बड़ा अंतर मिला है। 

यह कार्रवाई एक साथ नयागंज, दालमंडी, गुमटी, स्वरूप नगर, पीरोड और लाल बंगला समेत प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में की गई। संबंधित समूह कपड़ा कारोबार के अलावा रियल इस्टेट, डिटर्जेंट पाउडर और साबुन के व्यवसाय से भी जुड़ा बताया जा रहा है।