
संवाददाता
कानपुर। रावतपुर के एक निजी अस्पताल में बच्ची की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने हॉस्पिटल के बाहर हंगामा काटा और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे पर अस्पताल के कर्मचारियों ने 112 नंबर डायल करके सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया।
बर्रा थाना क्षेत्र के मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी राहुल सिंह की 10 साल की बेटी आरूषि के पैर में पस पड़ गया था। पैर में दर्द की शिकायत पर पिता ने आरूषि को रावतपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उसका उपचार चल रहा था। देर रात अचानक बेटी की हालत बिगड़ गई।
डॉक्टरों ने कहा की बेटी की हालत बिगड़ गई है। दूसरे हॉस्पिटल ले जाओ जहां से उसे काकादेव के एक निजी हॉस्पिटल लेकर गए। वहां देखते ही डॉक्टरों ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाकर जमकर हंगामा काटा।
हंगामा बढ़ता देखकर हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने 112 नंबर डायल कर सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही रावतपुर थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा और हंगामा कर रहे परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश कुमार रॉय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। सीएमओ को रिपोर्ट भेज कर मामले की जांच की जा रही है।






