
संवाददाता
कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी कैंपस में रहने वाली इंटर की छात्रा ने एग्जाम खराब होने के चलते फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। परिजनों की मानें तो उसका एक पेपर खराब हुआ था और एग्जाम को लेकर वह टेंशन में थी। देर रात 1 बजे तक पढ़ाई कर रही थी, सुबह मां सोकर उठी तो कमरा बंद था और दरवाजा तोड़कर देखा तो शव पंखे के सहारे फांसी से लटक रहा था। नवाबगंज थाने की पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज थाना के क्षेत्र एचबीटीयू कैंपस में रहने वाले सुनील कुमार एचबीटीयू में मैकेनिक पद पर कार्यरत हैं। सुनील ने बताया कि घर में पत्नी नेमा, बेटी प्रकृति सिंह और बेटा अविरल रहते थे। दोनों बच्चे चौबेपुर के भवानीपुर स्थित एनएलके स्कूल के छात्र हैं। दोनों बच्चे सीबीएसई बोर्ड से बढ़ाई कर रहे थे, बेटी इंटर और बेटा हाईस्कूल के बोर्ड एग्जाम दे रहे थे। सुनील ने बताया रात को 8 बजे दोनों बच्चे खाना खाने के बाद कमरे में पढ़ने के लिये चले गए।
रात 1 बजे ज़ब वह बेटी के कमरे में गए तो वह पढ़ रही थीं। जिसके बाद वह नीचे आकर सोने चले गए। सुबह ज़ब पत्नी सोकर उठी तो बेटी को जगाने के लिये कमरे में गई तो कमरा अंदर से बंद था, काफ़ी देर तक वह दरवाजा खटकाती रही मगर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
कमरे में बेटी का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रहा था। आनन फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाने की पुलिस फोर्स और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची। जांच करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया।
एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। परिवार के लोगों ने बोर्ड एग्जाम के चलते मानसिक तनाव की बात कही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ हो जाएगा। पुलिस की जांच में भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।






