February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  सचेंडी स्थित पीएसआईटी कॉलेज कैंपस में हो रहे निर्माण कार्य में आई जेसीबी से टकरा कर बीसीए फाइनल ईयर के छात्र की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की किडनी, लंग्स, पैनक्रियाज डैमेज हो गया। साथी छात्र आनन–फानन में उसे लेकर रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि कॉलेज कैंपस में बिना सुरक्षा उपकरणों के निर्माण कार्य चल रहा था, जिस कारण यह हादसा हुआ।
रतनलाल नगर निवासी प्रभाकर सिंह खाद कारोबारी है। परिवार में पत्नी प्रियंका, दो बेटे प्रखर सिंह व प्रवीण सिंह है। केशवपुरम निवासी चचेरे भाई अभय सिंह ने बताया कि प्रखर सचेंडी स्थित पीएसआईटी कॉलेज में बीसीए फाइनल ईयर का छात्र था, जबकि प्रवीण लखनऊ की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा है। अभय के मुताबिक रोजाना की तरह प्रखर सोमवार को कॉलेज गया था।
शाम को छुट्‌टी होने के बाद वह कॉलेज के पीछे स्थित गेट से बाहर निकल रहा था। बताया कि कॉलेज कैंपस के पिछले हिस्से में काफी समय से निर्माण कार्य चल रहा है। प्रखर की बाइक के आगे से एक कार तेज स्पीड में गुजरी, जिससे धूल का गुबार उड़ा। जिस कारण प्रखर को कुछ दिखाई नही पड़ा और वह आगे खड़ी जेसीबी में जा टकराया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथी छात्र उसे कल्याणपुर स्थित बीएमसी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।