February 23, 2026

संवाददाता

कानपुर। गुजैनी थानाक्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर पिता-पुत्र ने किशोरी को घर से घसीट कर सड़क पर पटक दिया। इसके बाद गुस्साए शोहदे के पिता ने गाली-गलौज करते हुए इंटरलॉकिंग ईंट से किशोरी पर हमला बोल दिया।
शोरगुल सुनकर मौके पर किशोरी की मां और आसपास के लोग पहुंचे। जिसके बाद पिता–पुत्र भाग निकले। पूरी घटना पड़ोस के मकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता की मां ने गुजैनी थाने में शिकायत की है।
16 वर्षीय किशोरी की मां ने बताया कि उनके पति ट्रक ड्राइवर हैं। जिस कारण वह अक्सर घर के बाहर ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि घर के पास ही रहने वाला शोहदा आए दिन मेरी बेटी पर अभद्र टिप्पणी करता है।जिसकी उन्होंने उसके पिता से शिकायत की थी। 

मां ने बताया कि दोपहर मैं छत पर थीं। इस दौरान शोहदा घर में घुस आया। वह बेटी के साथ गलत हरकत करने लगा। बेटी के विरोध करने पर शोहदे का पिता मेरे घर में घुस आया। उसने गालियां दीं। बेटी ने शोर मचाया तो आरोपी पिता-पुत्र ने मेरी बेटी को घर के बाहर घसीट लिया। फिर उसे सड़क पर पटक दिया। इसके बाद शोहदे के पिता ने सड़क पर पड़ी इंटरलॉकिंग की ईंट से हमला कर दिया।
जिससे मेरी बेटी के पैर में चोट लग गई। शोरगुल सुनकर मैं और पड़ोसी लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी सामने आया है। 

मामले में गुजैनी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।