
संवाददाता
कानपुर। प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम के बाद भाजपा ने बूथ स्तर पर नव मतदाता बनाने का विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं।
भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय पर बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 131वें संस्करण को सुनने के बाद प्रत्येक बूथ पर दस-दस कार्यकर्ताओं की टोली निकलेगी। यह टोली घर-घर संपर्क कर नए मतदाता बनाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक टोली के साथ आईटी टीम के प्रशिक्षित कार्यकर्ता भी रहेंगे। जो युवा अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका फॉर्म-7 भरवाया जाएगा। आईटी टीम मौके पर ही ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कराएगी और नव मतदाताओं की मैपिंग में सहायता करेगी।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि विशेष रूप से सीसामऊ और आर्यनगर विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। साथ ही अपात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से बाहर कराने की प्रक्रिया भी की जाएगी। 22 फरवरी को प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 नए मतदाता बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि बूथों पर निकलने वाली टोलियों की सूची तैयार कर जिला इकाई को सौंपें। यह अभियान 26 फरवरी तक लगातार चलेगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि प्रत्येक मंडल की मॉनिटरिंग के लिए चार-चार वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, जो प्रतिदिन बूथों की रिपोर्ट जिला कार्यालय को सौंपेंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि क्षेत्र के सभी 17 जिलों में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी मन की बात सुनने के बाद अपने-अपने बूथ पर कम से कम 10 नए युवाओं को मतदाता बनाने का संकल्प लें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुंडी खटखटाए और यह सुनिश्चित करे कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका कोई भी युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाएंगे और अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ेंगे। बैठकों में क्षेत्रीय और जिला स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा अभियान की रूपरेखा, जिलावार जिम्मेदारियों और बूथ स्तर की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।





