
संवाददाता
कानपुर। नगर के सांसद रमेश अवस्थी ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करके कानपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर एक नई ट्रेन की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रम शक्ति एक्सप्रेस में रोजाना बहुत ज्यादा भीड़ रहती है, जिससे यात्रियों को टिकट मिलने में दिक्कत और लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने मांग करी कि कानपुर से दिल्ली के बीच एक अतिरिक्त “कानपुर मेल” ट्रेन चलाई जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि कानपुर से बड़ी संख्या में व्यापारी, छात्र और कर्मचारी रोज दिल्ली आते-जाते हैं, इसलिए नई ट्रेन की जरूरत है।
उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि नई ट्रेन का गाजियाबाद में भी ठहराव होना चाहिए, जिससे वहां तक जाने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिल सके। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की बातों को ध्यान से सुना और इस प्रस्ताव पर अधिकारियों से जांच करके रिपोर्ट मंगाने का आश्वासन दिया।
सांसद ने उम्मीद जताई है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सरकार इस मांग पर जल्द ही सकारात्मक फैसला लेगी।






