February 17, 2026

संवाददाता
कानपुर।
प्रदेश भर में कोडीन युक्त कफ सीरप के अवैध दुरुपयोग, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज कमिश्नरेट कानपुर नगर एवं कमिश्नरेट वाराणसी की संयुक्त टीम द्वारा एक बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई गई है। 

अभियुक्त विनोद अग्रवाल इस मामले में एनडीपीएस एक्ट में कानपुर कारागार में निरुद्ध है। अभियुक्त द्वारा अवैध कोडीन सीरप कारोबार से अर्जित धनराशि से विभिन्न चल एवं अचल संपत्तियां अर्जित की गई हैं। आज कमिश्नरेट वाराणसी की टीम द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध जब्ती की कार्रवाई की गई। 

इस कार्रवाई के अंतर्गत लगभग 5. 18 करोड़ रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां चिन्हित कर जब्त की गई।उक्त संपत्तियां कानपुर नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थित है।

इसके साथ ही विनोद अग्रवाल के आईसीआईसीआई बैंक खाता, जिसमें लगभग 35 लाख रुपये जमा थे, को विधिक प्रक्रिया के तहत फ्रीज कराया गया।

यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें विधिक रूप से जब्त किए जाने की प्रक्रिया का हिस्सा है। संयुक्त टीम द्वारा वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों एवं संपत्ति संबंधी अभिलेखों का परीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए, जिसके आधार पर यह कार्यवाही सुनिश्चित की गई। उक्त प्रकरण में संपत्तियों के स्रोत, निवेश के पैटर्न तथा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। आवश्यक होने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस आयुक्त द्वारा कोडीनयुक्त सिरप प्रकरण की गहन एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित विशेष जांच टीम को सभी अभियोगों की त्वरित, तथ्यपरक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित वित्तीय लेन-देन, संपत्ति विवरण, सप्लाई चेन तथा अन्य जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच करते हुए विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकतानुसार तकनीकी एवं वित्तीय विशेषज्ञों का सहयोग लेकर विवेचना को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने हेतु भी निर्देशित किया गया है। 

Related News