
संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर में खाद्य विभाग ने ‘नमस्ते इंडिया’ ब्रांड के नाम पर नकली देसी घी बेचने वाले एक किराना स्टोर पर छापा मारा। बंदी माता रोड स्थित सांवरिया किराना एवं जनरल स्टोर पर हुई इस कार्रवाई के दौरान दुकान का मालिक फरार हो गया था।
घनश्यामपुर के अबाबकपुर निवासी राजबहादुर यादव की बंदी माता रोड पर सांवरिया किराना एवं जनरल स्टोर दुकान है। आरोप है कि उनकी दुकान से ‘नमस्ते इंडिया’ के नाम पर नकली देसी घी बेचा जा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा था और ग्राहकों को ठगा जा रहा था। छापेमारी के दौरान दूध और पनीर भी बिक्री के लिए रखे पाए गए।
‘नमस्ते इंडिया’ कंपनी के जनरल मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि कंपनी का कार्यालय फजलगंज, कालपी रोड पर स्थित है और यह दूध, पनीर व देसी घी का निर्माण एवं बिक्री करती है। ‘नमस्ते इंडिया’ ब्रांड भारत सरकार द्वारा प्रमाणित है। कंपनी को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि चौबेपुर स्थित सांवरिया किराना स्टोर में नकली देसी घी बेचा जा रहा है।
राजबहादुर यादव ने पकड़े जाने पर बताया कि वह यह नकली घी श्याम किराना के मालिक श्याम गुप्ता से खरीदते थे।
चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की है। जांच के उपरांत संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






