February 12, 2026

संवाददाता

कानपुर।  शहर का मौसम रोज बदल रहा है। बीते दिनों से रात का पारा लगातार बढ़ रहा और 10 डिग्री के पार बना हुआ था। लेकिन, देर रात रात का पारा अचानक 3.8 डिग्री गिर गया, जिससे लोगों को रात में ठंड का एहसास हुआ। अचानक पारा लुढ़कने से लोगों की कंपकपी छूट गई। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.9 डिग्री कम है। सुबह के समय मौसम तो साफ रहा लेकिन सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी।
जहां एक ओर रात में ठंड बढ़ी। वहीं, सुबह आठ बजे से ही सड़कों पर धूप छा गई। दिन चढ़ते चढ़ते धूप के तेवर के साथ तापमान भी बढ़ता गया। धूप ने आमजन को ठंड से राहत देने के साथ साथ हल्की गर्मी का एहसास भी कराया। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि फरवरी महीने में सबसे ज्यादा है। देर शाम होते ही एक बार फिर सर्द हवाओं ने ठंडक को बढ़ा दिया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में हवाओं की गति बढ़ेगी। सुबह व शाम की सर्दी बनी रहेगी। दोपहर के समय तेज धूप निकलेगी। धूप दिन के तापमान को बढ़ाने के साथ साथ गर्मी का एहसास कराएगी।
मौसम की बात करें तो दिन गर्म रहेंगे, लेकिन सुबह व रात सर्द रहेंगी। नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छा सकते हैं। लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले सात दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। तापमान सामान्य औसत के आसपास बने रहेंगे। 

Related News