
संवाददाता
कानपुर। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं सोमवार से कानपुर में शुरू हो गई। जिले के अलग-अलग केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षाएं कराई जा रही हैं। इनमें मुंशी फारसी और मौलवी अरबी (हाईस्कूल समकक्ष) और आलिम अरबी-फारसी (इंटरमीडिएट समकक्ष) की परीक्षाएं शामिल हैं। जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं। इसके तहत चार सेक्टर मजिस्ट्रेट और छह स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही दो सचल दल टीमों का गठन किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में राम गोपाल कटियार आदर्श इंटर कॉलेज बकोठी बिल्हौर, सिद्दीक फैज-ए-आम इंटर कॉलेज, एमएम अली मेमोरियल इंटर कॉलेज, तालिमुल इस्लाम हायर सेकेंडरी स्कूल, मदरसा कौमी दानिश गाह गर्ल्स स्कूल और कैप्टन सुखवासी जनता इंटर कॉलेज शामिल हैं।






