
संवाददाता
कानपुर। कमीश्नरेट पुलिस में तबादला होकर आए नवागत अफसरों ने चार्ज ग्रहण कर लिया है। आईपीएस विपिन टाडा को ज्वाइंट पुलिस आयुक्त लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि आईपीएस संकल्प शर्मा को ज्वाइंट पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय बनाया गया है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, आईपीएस विपिन टाडा ने उनसे मुलाकात करके शहर की कानून-व्यवस्था और मौजूदा हालात की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर का चार्ज संभाल लिया। वहीं आईपीएस संकल्प शर्मा सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
लखनऊ पुलिस मुख्यालय से 4 फरवरी को जारी सूची में लखीमपुर खीरी के डीआईजी संकल्प शर्मा और मेरठ के डीआईजी विपिन टाडा को कानपुर का ज्वाइंट पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था। इससे पहले जेसीपी अपराध एवं मुख्यालय रहे विनोद कुमार सिंह को डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का आईजी बनाया गया है।
संकल्प शर्मा मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले है, इनके पिता इंजीनियर थे, शुरुआती समय में इनकी पढ़ाई सीकर में हुई है। लेकिन 12वीं करने के लिए जयपुर में रहने लगे। संकल्प शर्मा की पत्नी हिमाचल प्रदेश कैडर में आईपीएस अधिकारी है। संकल्प शर्मा देवरिया, खीरी आदि जिले में भी तैनात रह चुके है।
विपिन टाडा भी राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले है। इनके पिता पेशे से वकील थे, शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई है। विपिन पहले ही अटेम्पट में एमबीबीएस पास करके डॉक्टर बन गए थे। जिसके बाद आईपीएस बने। विपिन टाडा मेरठ गोरखपुर आदि जिलों में तैनात रह चुके है। अब फिलहाल दोनों अफसर कानपुर कमिश्नरेट में तैनात है।
वहीं जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर रहे आशुतोष कुमार को एडीजी पद पर पदोन्नति मिली है। उन्हें लखनऊ में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में एडीजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।






