
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर में पुलिस कार्रवाई न होने से आहत होकर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। परिजनों ने 112 नंबर डायल करके घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और युवक को उर्सला भेज दिया गया।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के खुर्द निवासी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि बीते 11 जनवरी को पड़ोस में रहने वाले विशाल कटियार से बुलेट से तेज़ आवाज निकालने को लेकर बड़े भाई अनुराग दीक्षित से विवाद हो गया था। जिसके बाद विशाल कटियार, शुभम कटियार, संजू कटियार सहित करीब 10 से अधिक लोगो ने अभिषेक के घर पर मारपीट कर दी थी।
इसमें मां गीता देवी को गंभीर चोट आई थीं अनुराग का सिर फटा था। जिसके बाद पुलिस ने अभिषेक दीक्षित की तहरीर पर नामजद सहित 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया था।
पीड़ित अभिषेक दीक्षित ने आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज होकर वह बीते सप्ताह मुख्यमंत्री से मिलने गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद चौकी प्रभारी विनय तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
पीड़ित अभिषेक दीक्षित ने बताया कि कल्याणपुर पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है, जिससे लगातार आरोपी मुकदमा वापस लेने कि धमकी दे रहे थे। इससे आहत होकर भाई अनुराग ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। परिजनों ने 112 नंबर डायल कर घटना कि सूचना पुलिस को दी।
कल्याणपुर एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि एक युवक के पेट्रोल डालकर आग लगाने कि जानकारी हुई है। जांच कराई जा रही है। अगर किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध मिलती है तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।






