
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर में एक सरकारी विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो घाटमपुर कस्बा क्षेत्र के कन्या पाठशाला का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ बच्चे विद्यालय परिसर की सफाई करते दिख रहे हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ छात्राएं विद्यालय परिसर में झाड़ू लगा रही हैं। इन छात्राओं के साथ एक अध्यापिका भी दिखाई दे रही हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वे ही छात्राओं से सफाई करवा रही हैं।
इस संबंध में विद्यालय की सहायक अध्यापक प्रभा प्रजापति ने बताया कि प्रधानाचार्य इस समय एसआईआर के कार्य में व्यस्त हैं और वे कार्यभार संभाल रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका से सफाई कर्मचारी कभी-कभी आते हैं। जब वे नहीं आते, तो बच्चों से ही झाड़ू और साफ-सफाई करवाई जाती है।
मामले पर कानपुर नगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि इस पूरे प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारी से कराई जाएगी।






