
संवाददाता
कानपुर। 25 जनवरी को स्व. चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्यतिथि पर मेहरबान सिंह के पुरवा में इंटरनेशनल दंगल होने जा रहा है। इसमें साक्षी मलिक समेत कई नेशनल और इंटरनेशनल पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। यादव समाज के कई बड़े राजनीतिक चेहरे भी भाजपा एकजुट करने जा रही है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे।
चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्यतिथि पर इस अंतरराष्ट्रीय दंगल का आयोजन किया जा रहा है। रविवार सुबह 11 बजे इसकी शुरुआत होगी। यूपी विधानपरिषद के पूर्व सदस्य और पूर्व सांसद चौधरी सुखराम सिंह यादव अपने पिता की पुण्य तिथि पर हर बार इस दंगल का आयोजन कराते हैं, लेकिन इस बार यह दंगल अंतरराष्ट्रीय स्तर का कराया जा रहा है।
इसमें डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और बीजेपी राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर, मध्य प्रदेश से राज्य मंत्री कृष्णा गौर, बिहार के पूर्व सांसद साधु यादव, झारखंड से पूर्व मंत्री मनोज यादव समेत यादव बिरादरी के कई दिग्गज नेता पहुंच रहे हैं।
चौधरी सुखराम सिंह यादव के पुत्र मोहित यादव बीजेपी के सदस्य हैं। हालांकि मेहरबान सिंह का पुरवा सपा सरकार और मुलायम सिंह यादव के जमाने में सपा का गढ़ माना जाता रहा है। चर्चा है कि अब इस दंगल के बहाने चुनावी अखाड़े में यादव परिवार भाजपा से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है।
दंगल में 25 पहलवान ऐसे पहुंचेंगे जो पूरे देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों से होंगे। जो अपने राज्यों में केसरी हैं। टॉप लेबल पर हैं। ऐसे जाने-माने केसरी पहलवान दंगल में हिस्सा लेंगे।
मेहरबान सिंह के पुरवा में होने वाले दंगल में हिस्सा लेने के लिए ईरान के दो पहलवान इरफान और हामिद भी कानपुर पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में पूरे देश भर से यादव समाज के लोग पहुंचेंगे। चौधरी हरमोहन सिंह यादव यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। देशभर में यादव समाज के लोग उनके और उनके परिवार सम्मान करता है। चौधरी मोहित यादव ने बताया की देशभर से राष्ट्रवादी यादव इस दंगल में इकट्ठा होंगे।
इस दंगल में साक्षी मलिक (पद्मश्री), नरसिंह यादव, दिनेश (हरियाणा), अजय गुर्जर (चंडीगढ़), भोला (पंजाब), नासिर (दिल्ली), हामिद (ईरान), इरफान (ईरान), आशीष (हरियाणा), प्रियंका (हरियाणा), सद्दाम (पंजाब), चंचल (उत्तराखंड), भोला कासनी (हरियाणा), सारिका (हरियाणा), सुमित (राजस्थान), कलवा गुर्जर (उत्तर प्रदेश), पुष्पा (हरियाणा) पहलवान हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।






