January 22, 2026

• आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी उम्मीदवार सक्रिय

• संगठन में शामिल होने को कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन को भी तैयार।

संवाददाता 

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 22 जनवरी को प्रथम कानपुर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज दिखाई दे रहे हैं । नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को अपना नाम और चेहरा दिखाने के लिए कार्यकर्ताओं ने जाजमऊ से विश्वविद्यालय तक मुख्य सड़कों से लेकर चौराहे और गलियों को पोस्टरों और बैनरों से ढक दिया है । यही नहीं अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी कर रहे उम्मीदवारों ने भी अपने नाम के पोस्टर और बैनर टांग दिए हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष  पंकज चौधरी  गुरुवार को कानपुर आ रहे हैं जिनके स्वागत की तैयारी के लिए लगभग पूरे शहर को भगवामय  करने की कोशिश की जा रही है। 

नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत भाजपा  कार्यकर्ता गंगापुल (जाजमऊ) से शुरू होगा जो जे के चौराहा,हरजेंदर नगर चौराहा, एन2 रोड चौराहा,चकेरी पुलिस चौकी,जगई पुरवा चौराहा,पंडित उपवन,नरौना चौराहा,फूलबाग (पं. दीनदयाल प्रतिमा),बड़ा चौराहा, परेड चौराहा लाल इमली चौराहा,बीएनएसडी इण्टर कालेज,चुन्नीगंज (गंगू बाबा वाल्मीकि/डॉ. भीमराव रामजी आम्बेडकर प्रतिमा),बजरिया चौराहा, संत रविदास मंदिर,हर्ष नगर चौराहा,बेनाझाबर पुलिस चौकी,मोतीझील गेट नं.2 (शिवाजी प्रतिमा),मोतीझील गेट नं.1 (श्यामा प्रसाद प्रतिमा), गोल चौराहा (चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा)

,रावतपुर क्रासिंग, रावतपुर स्टेशन (वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा),गौता नगर क्रासिंग, 9 नम्बर क्रासिंग,गुरुदेव चौराहा,लखनपुर तिराहा,श्री छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय गेट तक किया जाएगा।इसके बाद उनका जीलास वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार-श्री छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सभा के रूप में परिवर्तित हो जाएगा 

जाजमऊ से लेकर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय तक कुल 29 स्थानों पर भाजपाई उनका भव्य स्वागत करेंगे। इसे लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज रखी और स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की योजना बनाई ।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जैसे ही जाजमऊ से कानपुर नगर में प्रवेश करेंगे, वहीं से स्वागत कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। विभिन्न मंडलों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और पारंपरिक तरीकों से उनका अभिनंदन करेंगे। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, स्वागत द्वार और बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगाए गए हैं।

भाजपा नेताओं के अनुसार यह स्वागत केवल औपचारिक नहीं बल्कि संगठन की शक्ति, एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक होगा। जाजमऊ, चकेरी, किदवई नगर, गोविंद नगर, स्वरूप नगर, आर्य नगर, कल्याणपुर सहित शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है। हर स्थान पर स्थानीय कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने और संगठनात्मक विषयों पर संक्षिप्त संवाद करने की भी तैयारी में हैं।पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला कानपुर दौरा है, ऐसे में कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने और भविष्य की रणनीतियों पर मार्गदर्शन लेने को उत्सुक हैं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाले बैनर और पोस्टर भी लगाए जाएंगे, जिससे आम जनता को भाजपा सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी मिल सके।प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने अलग-अलग स्थानों पर विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। महिला कार्यकर्ता पारंपरिक परिधान मेंआरती के माध्यम से स्वागत करेंगी, जबकि युवा मोर्चा बाइक रैली और नारेबाजी के जरिए जोश दिखाएगा।

भाजपा के जिला और महानगर पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर पंकज चौधरी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की तैयारी और बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के साथ समन्वय किया गया है, ताकि स्वागत कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि 29 स्थानों पर होने वाला यह स्वागत कार्यक्रम न केवल प्रदेश अध्यक्ष के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कानपुर में भाजपा संगठन पूरी तरह मजबूत और सक्रिय है। कार्यकर्ताओं में जिस तरह का उत्साह और उमंग दिखाई दे रही है, उससे यह स्पष्ट है कि आगामी दिनों में पार्टी संगठन और अधिक मजबूती के साथ जनसेवा और जनसंपर्क के कार्यों को आगे बढ़ाएगा।जाजमऊ से विश्वविद्यालय तक होने वाला यह स्वागत कार्यक्रम भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।