
संवाददाता
कानपुर। नगर का मौसम पिछले दो दिन से बदला हुआ है। सुबह के समय मौसम साफ रहने के साथ-साथ गलन में कमी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा है।
वहीं प्रदूषण की वजह से एक्यूआई 230 के पार रहा। मौसम में हल्की धुंध सी नजर आई। अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 व 24 जनवरी को बारिश के आसार हैं।
सीएसए के कृषि तकनीकी मौसम अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा। इसके बाद 23 व 24 जनवरी को मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा सुबह व रात के समय हल्का कोहरा दिखाई देने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिलेगी।
शहर के अलावा अन्य जिलों में पड़ रहे कोहरे के कारण 15 ट्रेने देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। आनंद विहार से चलकर दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (15558) 09.56 घंटे व भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस (22405) 02.13 घंटे लेट रही।
लोगों को ठंड से राहत भले ही मिल रही हो लेकिन दिल के मरीजों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को कार्डियोलाजी में 1260 मरीज ओपीडी में अपना इलाज कराने पहुंचे। इसके अलावा पांच मरीजों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी।
गंभीर रूप से बीमार 70 मरीजों को भर्ती किया गया है। 181 मरीज इमरजेंसी में आए। डॉक्टरों का कहना है कि दिल के मरीजों को सुबह व रात के समय एहतियात बरतना चाहिए।






