
संवाददाता
कानपुर। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी एवं संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार मीरपुर कैंट में व्यापक मतदाता जागरूकता महाअभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और यह जानकारी ली कि उनका वोट बना है या नहीं।
अभियान के दौरान जिन नागरिकों का मतदाता पहचान पत्र पहले से बना हुआ था, उन्हें धन्यवाद दिया गया। वहीं जिन लोगों का किसी कारणवश वोट नहीं बन पाया था, उनके फॉर्म नंबर-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। सुबह से लेकर देर शाम तक चले इस अभियान में बस्ती में निवास कर रहे सभी लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यकर्ताओं ने अभियान के दौरान सरकारी बीएलओ से भी संपर्क कर जानकारी ली और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतंत्र को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष डीडू ठाकुर, सेक्टर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, अभिषेक अवस्थी, विशाल शर्मा, संतोष कुमार गौतम, श्याम कुमार और प्रदीप शर्मा सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नारी शक्ति के रूप में भावना गुप्ता, पूजा तिवारी, कुंवारी आरती गौतम, सीता सविता और मान्या उर्फ संजू ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।






