March 5, 2026

संवाददाता

कानपुर।  चौबेपुर में 5 जनवरी को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण टीम और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने तात्यागंज स्थित कपिला पशु आहार के सामने सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सर्विस रोड पर खड़े कई ट्रकों का चालान किया गया और उन्हें भविष्य में सड़क पर वाहन न खड़े करने के सख्त निर्देश दिए गए।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की क्रेन और जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनी दुकानें, टीन शेड और टट्टर हटाए गए। यह कार्रवाई उस क्षेत्र में की गई जहां भारी संख्या में ट्रक खड़े रहते थे, जिससे यातायात बाधित होता था।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर आलोक सिन्हा और प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने बताया कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। स्थानीय निवासियों का भी मानना है कि सड़क से अतिक्रमण हटने से यातायात की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। इसी उद्देश्य से हाईवे के किनारे के अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।
इस अभियान के दौरान चौबेपुर थाना के उपनिरीक्षक दीपक कुमार के साथ यशवंत प्रजापति, आदित्य मिश्रा, सुनील सचान, पुष्पेंद्र, अमन और शिवराज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।