
संवाददाता
कानपुर। चमनगंज पुलिस ने राह चलते फोन पर बात करने वाले लोगों से मोबाइल छीनने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह लूटे गए मोबाइल बेचने जा रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने सात मोबाइल बरामद किए है, जिनमें से एक मोबाइल बीते 31 दिसंबर को लाटूश रोड निवासी महिला से छीना गया था।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 31 दिसंबर को लाटूश रोड निवासी फौजिया खान पीरोड से बजरिया पैदल जा रही थीं। इस दौरान हरसहाय स्कूल के पास स्कूटी सवार दो लुटेरों ने उनका मोबाइल छीन लिया था, जिसका बजरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी हुई थी।
इस बीच सोमवार सुबह चमनगंज पुलिस चंद्रिका देवी चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को जानकारी मिली कि डिप्टीपड़ाव के पास एक गली में दो युवक चोरी व लूट के मोबाइल बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनके नाम बेकनगंज निवासी इकराम और अल्तमश हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी व लूट के 7 मोबाइल बरामद किए।
डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि आरोपी राह चलते फोन पर बात करने वालों और भीड़भाड़ वाले इलाके में लोगों को अपना निशाना बनाते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी अल्तमश बाइक चलाता था, जबकि इकराम लूट को अंजाम देता था। आरोपियों के पास से घटना में शामिल स्कूटी बरामद की गई है।






