March 4, 2026

— कानपुर नगर पुलिस की ओर से बीते साल किए गए सराहनीय कार्य।

स्वतन्त्र शुक्ला /ओसामा रसूल

कानपुर। बीते साल 2025 में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने जनता से जुड़े सराकारों के मुद्दों पर आशातीत सफलता पाने के लिए अग्रणी भूमिका निभाई । नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के सभी प्रयास सफल ही रहे। हालांकि इस सफलता को 100 प्रतिशत तो नहीं लेकिन 90 प्रतिशत माना जाएगा। 

पुलिस की ओर से उठाए गए कदमों में सबसे महत्वपूर्ण ये रहा कि विभाग में पारदर्शिता और नागरिकों के प्रति जवाबदेही को और मजबूत किया गया क्योंकि यही वो माध्यम है  जिससे वे अपने सुझाव, शिकायतें और कोई जरूरी सूचना पुलिस के साथ साझा कर सकते हैं। यह पहल नागरिकों के समस्याओं को और भी गंभीरता से लेने का अवसर देगी। इस पहल से पुलिस नागरिकों के और निकट आएगी और उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर से समझा जा सकता है। 

वहीं साल 2025 में कमिश्नरेट कानपुर नगर में जनसुनवाई से प्राप्त कुल 16458 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें 16094 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। 2025 में आईजीआरएस पोर्टल पर कुल 81,661 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें 81,308 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। जिसके कारण कमिश्नरेट कानपुर नगर रैंकिंग में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तथा वर्ष के अंत में कमिश्नरेट के 32 थानों को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। 

आईजीआरएस एक ऑनलाइन प्लेटफार्म है जिसको सरकार की तरफ से समस्याओं के समाधान के लिए स्थापित किया गया है। इस प्रणाली का उद्देश्य नागरिकों को एक आसान और प्रभावी माध्यम प्रदान करना है इसके माध्यम से वे अपनी शिकायतें दर्ज कर सके और उसका त्वरित निस्तारण हो सके। 

पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए भी कमिश्नरेट की ओर से उठाए गए कदम बहुत ही प्रभावी रहे जिसमें ग्रीष्म काल के दौरान यातायात व्यवस्था में लगे 71 यातायात निरीक्षक व उपनिरीक्षकों को एसी हेलमेट प्रदान किये गये। यातायात माह के दौरान भिन्न-भिन्न कार्यक्रम कर निम्नलिखित कार्यवाही की गयी। सबसे अधिक यातायात पुलिस के सोशल मीडिया पर विभिन्न माध्यम जैसे ट्विटर हैंडल, इंस्टाग्राम प्रोफाइल, फेसबुक पेज कानपुर नगर ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से आम जनता को यातायात संचालन में किये गये रूट परिवर्तन, प्रेस नोट, के माध्यकम से यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में सिनेमाघरों में यातायात जागरूकता सम्बन्धी वीडियो क्लिप 144 बार प्रदर्शित कर 33319 लोगों को जागरूक किया गया। 

पुलिस आयुक्त कानपुर ने अपराधियों के विरूद्ध चलाये गए अभियान के क्रम मे थाना चमनगंज पुलिस टीम तथा सेण्ट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने वांछित अभियुक्त के दौरान बीएनएस में नामजद वांछित एवं 25000 रूपये का इनामियाँ व हिस्ट्रीशीटर कुख्यात अपराधी शाहिद उर्फ पिच्चा को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त शाहिद पिच्चा थाना चमनगंज का हिस्ट्रीशीटर है जिस पर हत्या बलवा गुण्डा गैंगस्टर व रंगदारी टैक्स मांगने के अब तक 43 मुकदमें पंजीकृत रहे। 

वहीं साइबर क्राइम को नियन्त्रित करने के लिए प्रभावी कदम को भी कानपुर पुलिस ने सही ठहराते हुए नगर की साइबर क्राइम टीम ने अभियान चलाया और अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाते हुए राम निवास, राम दिनेश व महेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

निवर्तमान पुलिस कमिश्निर अखिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने शहर के सबसे बडे भू माफिया अधिवक्ता अखिलेश दुबे उर्फ डाक्टर को उसके गैंग समेत गिरफ्तारी सबसे बडी सफलता मानी जा रही है। 

वहीं कानपुर पुलिस ने कई लोगों के चोरी हुए फोन को वापस दिलवाने में भी अग्रणी भूमिका का निर्वाहन किया जिसकी संख्या 500 के आसपास रही। 

पुलिस की ओर से यातायात माह के दौरान 2380 लोगों को सीपीआर व फर्स्ट ऐड आदि के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। वाहनों की नीलामी लम्बे समय से निरुद्ध पड़े लावारिस व सीज वाहनों को 2 चरणों की प्रक्रिया के पश्चात 220 वाहनों की नीलामी कर 1901000 रुपए कोषागार में जमा कराया गया। यही नही स्लीपर बस में भीषण आग लग जाने पर यातायात पुलिसकर्मियों ने बहादुरी का परिचय देते हुए बस से 41 यात्रियों को बाहर निकालना भी उसकी गुड वर्क माना गया। हैलेट से कार्डियोलॉजी तक अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर एम्बुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराया गया।  

साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस सेल के गठन का उद्देश्य यह सेल प्रत्येक दिन एक स्कूल में जाकर स्कूली बच्चों को साइबर फ्राड से बचने के उपायों के बारे में जागरूक कराने का काम किया गया। 

कमिश्नरेट के प्रत्येक थानों पर आम जनता की सुविधा के लिए साइबर हेल्प डेस्क का गठन किया गया है, तथा इसमें कर्मचारियों को नियुक्त कर प्रशिक्षित भी कराया गया है। साइबर अपराधों में पकड़े गये अपराधियों की सतत निगरानी हेतु हिस्ट्रीशीट खोले जाने के निर्देश दिये है। पुलिस ने महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति की शुरुआत की जिसमें विभिन्न हेल्प लाइन नम्बर 1076, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 1930 के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं से सम्बन्धित कुल 1918 शिकायतें प्राप्त हुई जिनका निस्तारण कराया गया। 

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर की ओर से ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत वर्ष 2025 में सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने हेतु कुल चिन्हित किये गये स्थानों की संख्या 35557, अधिष्ठापित किये गये कैमरों की संख्या 1,21,045 है व ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी के माध्यम से 1141 घटनाओं का अनावरण किया गया।  

वर्ष 2025 में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये गए अभियान के दौरान अपराधियों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ में पुलिस द्वारा की गई  कार्यवाही में कुल 37 अपराधियों को गिरफ्तार किया।पुलिस के लिए बीता साल सफलता की कुंजी रहा।

अब देखना यह होगा कि आने वाला साल 2026 कानपुर पुलिस कमिश्नरेट और जनता के बीच किस प्रकार से अपना सामन्जस्य स्थापित कर सकेगा।