
संवाददाता
कानपुर। नए साल 2026 के आगमन पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने शहर के सभी 12 फायर स्टेशन को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया था, नए साल के जश्न के मद्देनजर सुरक्षा घेरा और मजबूत किया गया ।
दीपक शर्मा ने नए साल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त दमकल बल तैनात किया। जेड स्क्वायर मॉल, लैंडमार्क और साउथ एक्स मॉल जैसे प्रमुख शॉपिंग व मनोरंजन स्थलों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और प्रशिक्षित दमकलकर्मी 24 घंटे निगरानी कर रहे थे।
इसके अतिरिक्त, शहर के प्रमुख हॉटस्पॉट जैसे बड़ा चौराहा, जेके टेंपल, मीरपुर, कानपुर क्लब, मून एंड मास और इस्कॉन मंदिर पर भी विशेष बल तैनात किया गया। इन स्थानों पर नए साल के जश्न के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना थी, वहाँ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीमें मौके पर मौजूद रही।
अग्निशमन विभाग ने केवल जश्न से जुड़ी घटनाओं पर ही नहीं, बल्कि सर्दी और घने कोहरे के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को भी गंभीरता से लिया। एक्सप्रेस-वे और प्रमुख मार्गों पर हो रही दुर्घटनाओं के मद्देनजर फायर स्टेशन और बचाव दल को हाई अलर्ट पर रखा गया ।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि उनकी टीम और सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहे। विभाग के कुल 250 फायरकर्मी तैनात रहे।
उन्होंने बताया कि विभाग के पास 17 फायर टेंडर, दो फॉर्म टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, एक आर्टिकुलेटिंग वॉटर टावर और एक स्वचालित रोबोट सहित पर्याप्त उपकरण मौजूद हैं।






