December 27, 2025

संवाददाता 

कानपुर। कानपुर मेट्रो ने क्रिसमस और नए साल के स्वागत के लिए आयोजनों की श्रृंखला का शुभारंभ कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को तिलक नगर स्थित लिटिल एंजेल्स स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे सेंटा की वेशभूषा में मेट्रो राइड पर निकले और उन्होंने मोतीझील स्टेशन तक यात्रा का आनंद लिया। बच्चों के लिए यह सफर बेहद रोमांचक रहा, उन्होंने मेट्रो की खिड़कियों से शहर की खूबसूरती निहारी और उत्साह के साथ मेट्रो यात्रा का अनुभव साझा किया। इस अवसर पर मेट्रो अधिकारियों ने बच्चों को कानपुर मेट्रो की सुविधाओं, विशेषताओं, कार्यप्रणाली और यात्रा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। यात्रा के समापन पर बच्चों को कुकीज वितरित की गई। क्रिसमस को खास बनाने के लिए बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन को विशेष रूप से सजाया गया है।

कानपुर मेट्रो में क्रिसमस के दिन सेंटा क्लॉज की विशेष मौजूदगी रहेगी। सेंटा अपनी पारंपरिक पोशाक में स्टेशन और ट्रेन में यात्रियों, खासकर बच्चों को टॉफियां वितरित करेंगे। इसके साथ ही बच्चों से जुड़ी एक संस्था द्वारा विशेष मेट्रो राइड और चित्रकला गतिविधि का आयोजन भी किया जाएगा।

नए साल के स्वागत को लेकर भी मेट्रो प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां की हैं। बड़ा चौराहा स्टेशन पर 28 और 31 दिसंबर को संगीत संध्या और बैंड परफॉर्मेंस आयोजित की जाएंगी। वहीं विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर रंगोली प्रदर्शनी यात्रियों को आकर्षित करेगी। कानपुर मेट्रो इस त्योहारों के मौसम में यात्रियों के लिए सफर के साथ-साथ जश्न का भी अनुभव करा रही है।

Related News