December 28, 2025

संवाददाता

कानपुर।  कांग्रेस शहर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने एक मेडिकल स्टोर संचालक पर व्यापार में निवेश के नाम पर 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस उपायुक्त कानून और व्यवस्था आशुतोष कुमार से की थी। उनके आदेश पर फीलखाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज किया है।
पवन गुप्ता ने बताया कि फूलबाग स्थित राहत मेडिकल स्टोर संचालक हिमांशु पेशवानी और उनके पिता महेश पेशवानी से उनकी पुरानी जान पहचान है। हिमांशु ने अपने पिता और पत्नी निकिता पेशवानी के साथ मिलकर दवा कंपनी में निवेश करने का प्रस्ताव दिया। साथ ही रकम सुरक्षित होने और 25 हजार रुपए प्रतिमाह मुनाफा होने का भरोसा दिया।
जिस पर उन्होंने 15 फरवरी 2025 को चेक के माध्यम से 10 लाख रुपए उन्हें दिया। आरोप है कि रकम मिलने के बाद उन लोगों के स्वभाव में बदलाव आ गया। जिसके बाद से वह लोग रुपए देने के बजाय उन्हें टरकाने लगे। बीती 10 अक्टूबर 2025 को वह अपनी रकम मांगने मेडिकल स्टोर पहुंचे तो हिमांशु ने विवाद किया और जान से मारने की धमकी दी।
नवंबर 2025 में हिमांशु अपना मोबाइल बंद करके फरार हो गया। दिसंबर में पवन आरोपी के पिता महेश पेशवानी और पत्नी निकिता से दुकान पर मिले। उन्होंने अपनी रकम वापसी के लिए बोला तो वह लोग गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगे। जिसके बाद उन्होंने परिवार के बारे में पता किया तो जानकारी हुई कि वह कई लोगों से धोखाधड़ी कर चुके है। आरोपी शहर छोड़कर विदेश भागने की फिराक में है। 

फीलखाना थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। 

Related News