
संवाददाता
कानपुर। मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर करीब 30 मीटर रह गई। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान प्रदेश में सबसे कम तापमान में दूसरे नंबर पर रहा। अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आने वाले दिनों में ठंड के साथ कोहरे का असर जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश में रात, दिन के तापमान में उतार चढ़ाव बना रहने के साथ सुबह और शाम की ठंड जारी रहेगी। शाम और सुबह नमी के कारण धुंध भी बनी रहेगी। कहीं कहीं पानी भरे क्षेत्र में कोहरा भी पड़ने की संभावना है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
यूपी के 5 सबसे ठंडे शहरों में इटावा टॉप पर रहा। यहां सबसे कम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कानपुर 7.2 डिग्री तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। मुजफ्फरनगर, बाराबंकी और प्रयागराज भी ठंडे रहे।
मंगलवार सुबह कानपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 132 रिकॉर्ड किया गया। ये हवा की मध्यम स्थिति है। इस समय हवा की स्थिति 9 किमी प्रति घंटा रही।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि हवा की धीमी गति, वातावरण में बढ़ी हुई नमी और जमीन से उड़ रहे धूलकण मिलकर स्मॉग की स्थायी परत बना रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में अस्थमा रोगियों, हृदय और फेफड़ों की समस्याओं से जूझ रहे लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी रखनी चाहिए। सुबह और शाम को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए।






